Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शिकायतों के बाद भी नहीं बदले हालात
स्थानीय निवासी संजय कुमार, विवेक कुमार, राजेश प्रसाद सहित अन्य लोगों ने बताया कि नगर पंचायत गठन के समय लोगों को क्षेत्र में तेजी से विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अपेक्षित गति से काम नहीं हुआ। कई सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार वार्ड पार्षदों और नगर पंचायत प्रशासन को जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की है, ताकि रोजाना की परेशानी से छुटकारा मिल सके।
नाली निर्माण के बाद बनेगी सड़क, कार्यपालक पदाधिकारी ने बताई वजह
इस मामले में नगर पंचायत हाटा की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतीक्षा प्रजापति ने बताया कि मिडिल स्कूल के आगे तीनमुहानी से बजरंगबली मंदिर तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क की जानकारी उन्हें है। इस सड़क के निर्माण का टेंडर भी हो चुका है, लेकिन पहले नाली निर्माण कराया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि हाटा बाजार से सरपनी नहर तक नाली निर्माण की योजना है, जिसका टेंडर हो चुका है और जल्द ही काम शुरू होने की संभावना है। इस नाली के निर्माण के दौरान तीनमुहानी से बजरंगबली मंदिर तक के मार्ग में भी नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद सड़क की ढलाई का कार्य पूरा किया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी के अनुसार, यदि जलनिकासी की व्यवस्था किए बिना पहले सड़क की ढलाई करा दी जाती है तो पानी जमा होने की समस्या और बढ़ सकती है। इसी वजह से सड़क निर्माण का कार्य फिलहाल रोका गया है। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण शुरू होने तक पानी निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, मिडिल स्कूल के सामने और बस स्टैंड के समीप क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर उन्होंने बताया कि इनका निर्माण पीडब्ल्यूडी के माध्यम से कराया गया था। इनकी मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्राचार किया गया है। अब स्थानीय लोगों को नगर पंचायत प्रशासन की ओर से किए गए इन आश्वासनों के धरातल पर उतरने का इंतजार है। देखना होगा कि नाली और सड़क निर्माण की योजनाएं कब तक पूरी होती हैं और हाटा के लोगों को बदहाल सड़कों तथा जलजमाव की समस्या से कब राहत मिलती है।



