Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घटना एनएच-219 पर भुआलपुर गांव के समीप की है। पुलिस गश्ती के दौरान वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ई-रिक्शा पर सवार दो युवकों की नजर पुलिस पर पड़ी तो दोनों वाहन को सड़क पर छोड़कर भागने लगे। पुलिस और सशस्त्र बलों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। गिरफ्तार युवक की पहचान भभुआ वार्ड संख्या-2 स्थित हनुमान मंदिर निवासी विनोद कुमार गुप्ता के 19 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी चैनपुर थाना क्षेत्र के बौरई गांव निवासी सुंदर कुमार बिंद बताया गया है।
पूछताछ के दौरान रवि कुमार ने पुलिस को बताया कि ई-रिक्शा चोरी का है और दोनों इसे कबाड़ में बेचने के लिए ले जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक के मोबाइल नंबर की जानकारी प्राप्त कर उससे संपर्क किया गया। मालिक ने बताया कि ई-रिक्शा उसके पास ही मौजूद है। जांच के दौरान जब्त वाहन के नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ किए जाने की बात भी सामने आई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार युवक को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं पुलिस फरार आरोपी सुंदर कुमार बिंद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।



