Homeचैनपुरचैनपुर में दो अलग-अलग हादसों में दो लोग घायल, बुजुर्ग की हालत...

चैनपुर में दो अलग-अलग हादसों में दो लोग घायल, बुजुर्ग की हालत गंभीर; बेहतर इलाज के लिए रेफर

चैनपुर में दो अलग-अलग हादसों में दो घायल, बुजुर्ग रेफर

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। एक हादसा घर की छत से उतरने के दौरान हुआ, जबकि दूसरी घटना वाराणसी-रांची एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के दौरान सामने आई। दोनों घायलों को इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना में रघुबीरगढ़ गांव निवासी 60 वर्षीय लक्ष्मण बिंद, पिता नगीना बिंद, घायल हो गए। बताया जाता है कि वह घर की छत से मवेशियों के लिए चारा लेकर सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। हादसे में उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल चैनपुर सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

वहीं, दूसरी घटना भारतमाला परियोजना के तहत वाराणसी-रांची एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के दौरान हुई। निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूर अमित कुमार, पिता स्वर्गीय रामधनी सिंह, पुल की ढलाई के बाद सेंटरिंग खोलने के लिए लोहे की चादर खींच रहे थे। इसी दौरान उनकी एक उंगली गंभीर रूप से कटकर जख्मी हो गई। घटना के बाद साथी मजदूर उन्हें इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। दोनों घटनाओं के बाद घायलों के परिजनों और सहकर्मियों में चिंता का माहौल रहा।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments