Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान माना देवी, पति रामाधार राय, निवासी खरौड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परिवार के कुछ सदस्य लंबे समय से गांजा और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त थे। पुलिस के पहुंचते ही महिला भागने लगी, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 120 लीटर महुआ पास, 40 किलोग्राम सूखा महुआ तथा शराब बनाने में उपयोग होने वाले चूल्हे, ड्रम और अन्य उपकरण बरामद किए। मौके पर ही महुआ पास और सूखे महुआ को नष्ट कर दिया गया। वहीं एक प्लास्टिक के डिब्बे से 272 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि बरामद गांजा उसके पति के उपयोग के लिए रखा गया था, जबकि अवैध शराब बनाकर बेचने का काम उसका पुत्र भगवान राय उर्फ मनीष राय करता है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान बरामद महुआ पास को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शराब निर्माण में प्रयुक्त सभी उपकरण जब्त कर थाना लाए गए हैं। गिरफ्तार महिला का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।



