Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यवसायी जयप्रकाश कानू किराना एवं पारचून सामान के थोक विक्रेता हैं। उनकी होलसेल दुकान रामगढ़ के खोरहरा रोड में सिंचाई विभाग के आईबी के समीप वीरेंद्र सिंह के मकान में संचालित होती है। वह बड़ौरा गांव निवासी रामविलास कानू के पुत्र बताए जाते हैं। व्यवसायी के मुताबिक, वह रामगढ़ वार्ड संख्या एक स्थित अपनी दुकान से बाइक पर सवार होकर जमानियां जा रहे थे। उनके पास करीब 31 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन था। उन्हें जमानियां में एक पार्टी का भुगतान करने के साथ ही सामान का नया ऑर्डर देना था। इसी दौरान महुअर और अभैदे गांव के बीच पीछे से आए अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर उनके पास रखे 31 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद तीनों अपराधी उसी रास्ते से देवहलियां की ओर फरार हो गए। व्यवसायी के अनुसार, तीनों में से एक बदमाश ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था।घटना के बाद पीड़ित किसी तरह रामगढ़ लौटा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस उसे साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के इलाके में छानबीन की। देर शाम अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के बयान से सामने आया अलग पक्ष
मामले को लेकर रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार से संपर्क किए जाने पर शुरुआत में उन्होंने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया। बाद में घटना के संबंध में जानकारी देने पर उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हालांकि, थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि पुलिस को दिए गए आवेदन में हथियार का उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस अब घटना में शामिल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद विश्वकर्मा पंप कैनाल पथ पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस आसपास के मार्गों और संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।



