Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 को गांगुडीह गांव में अवतारी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के पिता रामदुलार राम, निवासी भदैनी (थाना-दुर्गावती), ने चैनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को दहेज में भैंस की मांग पूरी नहीं होने पर पति, सास और ससुर द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था तथा अंततः गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद चैनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति दिहल राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं, मामले का दूसरा नामजद आरोपी ससुर मिर्जा राम घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विवाहिता की हत्या के मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर फरार आरोपी मिर्जा राम को गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



