Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम और दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। मृत महिला की पहचान 48 वर्षीय निर्मला देवी, पति ओम प्रकाश यादव, निवासी आलमपुर, मुगलसराय, थाना अलीनगर, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार निर्मला देवी अपने मायके डिडिखिली आ रही थीं।
मृतका के भतीजे गुड्डू यादव ने बताया कि उनका छोटा भाई बाइक से बुआ को लेकर आ रहा था। इसी दौरान किसी वाहन के अचानक सामने आने से बाइक असंतुलित हो गई और निर्मला देवी सड़क पर गिर गईं। तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।



