Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मंदिर जाने के दौरान किशोर से मारपीट का आरोप
पहले पक्ष के संतोष कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र अंश पटेल गांव स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में दुर्योधन पटेल के घर के पास उसे रोक लिया गया। इसके बाद दुर्योधन पटेल, उनके पुत्र सुजीत पटेल और पत्नी गीता देवी ने मिलकर अंश के साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह बीच-बचाव कराया। घायल अंश को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट और लकड़ी ले जाने के आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष के दुर्योधन पटेल ने भी थाने में आवेदन देकर संतोष कुमार सिंह और उनके पुत्र अंश पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब वे संतोष सिंह के घर पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। दुर्योधन पटेल ने यह भी आरोप लगाया कि ठेले पर लदी शीशम की लकड़ी को जबरन अपने कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए दुर्योधन पटेल और उनके पुत्र सुजीत पटेल को गिरफ्तार किया गया। मेडिकल जांच के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



