Home चैनपुर 120 विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिता, टॉप-10 को चेयरमैन करेंगे सम्मानित

120 विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिता, टॉप-10 को चेयरमैन करेंगे सम्मानित

हाटा में 120 बच्चों की क्विज प्रतियोगिता, टॉप-10 को 15 अगस्त पर मिलेगा सम्मान

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में रविवार को छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से विशेष क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश जायसवाल की पहल पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाटा के परिसर में आयोजित ‘टॉप-10 क्विज कंपटीशन’ में 13 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कुल 120 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सामान्य ज्ञान एवं बौद्धिक क्षमता को परखने के लिए कुल 25 प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक प्रश्न के लिए दो अंक निर्धारित किए गए थे, इस प्रकार प्रतियोगिता का कुल पूर्णांक 50 रहा। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 30 मिनट का समय दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना और शिक्षा के प्रति उनके उत्साह को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चयनित सभी 10 छात्र-छात्राओं को आगामी 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत हाटा कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के रूप में उपहार भी प्रदान किए जाएंगे। क्विज प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों के निदेशक, सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

 

Exit mobile version