Home भभुआ होली 2026 को लेकर कैमूर प्रशासन अलर्ट, 2 से 5 मार्च तक...

होली 2026 को लेकर कैमूर प्रशासन अलर्ट, 2 से 5 मार्च तक कंट्रोल रूम सक्रिय

होली 2026: कैमूर प्रशासन अलर्ट, 2 से 5 मार्च तक कंट्रोल रूम सक्रिय

कैमूर (भभुआ)। होली 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार को लिच्छवी भवन, भभुआ में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित कर सभी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

होली 2026: कैमूर प्रशासन अलर्ट

2 मार्च को होलिका दहन, 3-4 मार्च को होली
प्रशासन के अनुसार 02 मार्च 2026 की रात होलिका दहन होगा, जबकि 03 और 04 मार्च को होली मनाई जाएगी। संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने और क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर किसी भी विवाद की स्थिति को पहले ही नियंत्रित करने को कहा गया है।

जिला नियंत्रण कक्ष होगा सक्रिय
होली के दौरान विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए समाहरणालय स्थित मुण्डेश्वरी सभागार में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 02 मार्च की दोपहर से 05 मार्च तक लगातार कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06189-222080 जारी किया गया है, जिस पर नागरिक किसी भी आपात स्थिति में सूचना दे सकते हैं।

सोशल मीडिया और शराबबंदी पर सख्ती
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने से पहले उसका खंडन किया जा सके। साथ ही राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग को अलर्ट रहने को कहा गया है।

बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी
नगर निकाय और संबंधित विभागों को होली के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के लिए सदर अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एम्बुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

दंडाधिकारियों व पुलिस बल की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। सभी कर्मियों को अपने-अपने तैनाती स्थल पर समय से उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। वरीय अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाने को दें।

Exit mobile version