Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अमांव गांव निवासी स्वर्गीय रामपति राम के पुत्र हरिसेवानंद ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उनके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने उन्हें सूचना दी कि हाटा उच्च विद्यालय में अभय पासवान उर्फ विनय अपने चार-पांच साथियों के साथ कथित तौर पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर छात्राओं के साथ मारपीट की गई।
सूचना मिलने के बाद हरिसेवानंद विद्यालय पहुंचे। उनके अनुसार, वहां दो छात्राएं बेहोशी की हालत में मिलीं। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया। इधर, चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि दूसरे पक्ष से प्राप्त आवेदन के आधार पर भी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पूर्व में भी एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिस पर प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



