Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले लोगों के उत्साह से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। तिरंगा यात्रा हाटा नगर की विभिन्न प्रमुख सड़कों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में लगाए गए नारों से पूरा नगर गूंज उठा। लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता का संदेश देते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने कहा कि तिरंगा महज एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, संघर्ष और बलिदान की पहचान है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन तक न्योछावर कर दिया। आज हम जिस तिरंगे को गर्व के साथ हाथों में लेकर चल रहे हैं, उसके पीछे वीर सपूतों का त्याग और संघर्ष छिपा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसी तिरंगा यात्राएं युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता पैदा करती हैं। तिरंगा यात्रा में डिंपल जायसवाल, धर्मेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।