Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मौके पर मौजूद डिंपल जायसवाल, अनिल केसरी, यशवंत यादव, विकास कुमार चतुर्वेदी, प्रेम कुमार मोदनवाल, वीरेंद्र कुमार सिंह, आनंद कुमार दुबे और विवेक कुमार त्रिवेदी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बताया कि भारतमाला परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान हाटा नगर पंचायत से होकर प्रतिदिन बड़ी संख्या में डंपरों का आवागमन हुआ। वर्तमान में भी भारी वाहनों की आवाजाही जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि इसके कारण हाटा से अवंखरा मोड़ तक सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है।ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। बारिश के पानी के साथ स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कभी बाइक सवार गिर रहे हैं तो कभी ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से कई बार आरसीडी विभाग को सड़क निर्माण के लिए जानकारी दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लोगों का धैर्य जवाब दे गया।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी बताई सड़क की स्थिति
मौके पर मौजूद नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल ने कहा कि महदाइच से अवंखरा तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यह सड़क आरसीडी विभाग के अधीन है, इसलिए नगर पंचायत की ओर से इसका निर्माण नहीं कराया जा सकता। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत और उनकी ओर से कई बार आरसीडी विभाग को सड़क की स्थिति से अवगत कराते हुए निर्माण की मांग की गई है। अध्यक्ष के अनुसार, विभाग की ओर से बताया गया है कि सड़क निर्माण के लिए करीब पांच महीने पहले ही टेंडर हो चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसी वजह से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ी और उन्होंने सड़क जाम कर दिया।
15 दिनों में शुरू होगा सड़क निर्माण : आरसीडी
जाम की सूचना मिलने पर आरसीडी विभाग के सहायक अभियंता आरएस शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुछ प्रक्रियाएं शेष थीं, जिन्हें अब पूरा कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि करीब 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
जेसीबी से नाली बनाकर पानी निकासी की कवायद
सड़क जाम की सूचना पर चैनपुर सीओ, बीडीओ अभिषेक कुमार और थानाध्यक्ष विजय प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जाम समाप्त कराया। चैनपुर बीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि सड़क के अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों में एक दिन पहले मोर्रम डलवाया गया था। लेकिन घरों से निकलने वाले पानी और बारिश के कारण सड़क दोबारा कीचड़ में तब्दील हो गई। तत्काल राहत के लिए जेसीबी की मदद से सड़क किनारे नालीनुमा गड्ढा बनाया जा रहा है, ताकि पानी की निकासी हो सके। इसके बाद सड़क पर दोबारा मोर्रम डालकर आवागमन को सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है। बीडीओ ने बताया कि ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए प्रशासन की ओर से काम कराया जा रहा है। साथ ही सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 10 से 15 दिनों के भीतर स्थायी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

