Homeऔरंगाबादसौतेली मां से विवाद बना मौत की वजह, पिता ने 13 वर्षीय...

सौतेली मां से विवाद बना मौत की वजह, पिता ने 13 वर्षीय बेटे को पीट-पीटकर मार डाला

औरंगाबाद में पिता ने बेटे की हत्या कर शव पुनपुन नदी में दफनाया, सौतेली मां गिरफ्तार

Bihar: औरंगाबाद जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। उपहारा थाना क्षेत्र के रहने वाले राजेश चौधरी उर्फ मुंगड़ी चौधरी पर अपने ही 13 वर्षीय बेटे खेसरिया कुमार की हत्या करने का आरोप लगा है। हत्या के बाद आरोपी पिता ने शव को गांव से करीब सात किलोमीटर दूर अरवल जिले के बंशी थाना क्षेत्र स्थित पुनपुन नदी किनारे बालू में दबा दिया। पुलिस ने बुधवार देर रात प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ परिवारिक विवाद और सौतेली मां से अनबन थी। बताया जा रहा है कि खेसरिया कुमार का अपनी सौतेली मां मंजू देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रिश्ते में मंजू देवी बच्चे की मौसी भी बताई जा रही है। आरोप है कि मंजू देवी की शिकायत के बाद पिता मुंगड़ी चौधरी ने बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी पिता ने तेज धूप में लाठी-डंडे से बच्चे को इतना पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चा लगातार जान बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। आरोप है कि इलाज कराने के बजाय आरोपी उसे वहीं छोड़कर चला गया।

घटना के बाद आरोपी पिता ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक शव को बाइक के जरिए पुनपुन नदी तक ले जाया गया, जबकि एक स्कॉर्पियो वाहन के इस्तेमाल की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस दोनों वाहनों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में पुलिस ने सौतेली मां मंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मुंगड़ी चौधरी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि मुंगड़ी चौधरी ने वर्षों पहले अपनी पहली पत्नी की भी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। बाद में उसने अपनी साली से दूसरी शादी कर ली। हालांकि उस समय परिवार की ओर से कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि आरोपी पिता की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments