Bihar, शिवहर (पिपराही): पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर बलहा वार्ड संख्या-3 में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि पत्नी ने नापसंदगी के चलते सो रहे पति पर खौलता सरसों तेल उड़ेल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित का सदर अस्पताल में इलाज जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घायल की पहचान मुन्ना साह (25) के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री हैं और पहले हैदराबाद में काम करते थे। हाल ही में वे शिवहर लौटे थे। घटना के समय उनके पिता नाजिर शाह बाजार गए हुए थे। इसी दौरान घर में अकेले मौजूद पत्नी ने कथित तौर पर एक लीटर से अधिक सरसों तेल चूल्हे पर खौलाया और सो रहे मुन्ना साह के चेहरे व शरीर पर डाल दिया। वारदात के बाद आरोपी पत्नी घर छोड़कर फरार हो गई।
परिजनों के मुताबिक, 12 जनवरी 2026 को मुन्ना साह का निकाह बसहिया गांव निवासी अफसारा खातून से हुआ था। आरोप है कि शादी लड़की की मर्जी के खिलाफ हुई थी। ससुराल आने के बाद से ही वह पति से दूरी बनाए रखती थी और साथ रहने से भी परहेज करती थी। इसको लेकर मुन्ना ने अपने पिता से शिकायत की थी। बताया गया कि समझाने के लिए लड़की पक्ष के लोग भी आए थे, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
बाजार से लौटने पर जब नाजिर शाह ने बेटे की हालत देखी तो तत्काल उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चेहरे सहित शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से झुलसे हैं और इलाज जारी है।
पिपराही थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



