Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीड़ित सीएसपी संचालक ब्रजेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना के समय वह अपने केंद्र पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे, जिनमें से कुछ के हाथों में हथियार थे। आरोपितों ने पहले आसपास की दुकानों में हंगामा और तोड़फोड़ की, फिर उनके ग्राहक सेवा केंद्र को निशाना बनाया। संचालक के अनुसार उपद्रवियों ने केंद्र में रखे लैपटॉप, कैमरा सहित अन्य उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भयभीत हो गए।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात सामने आई है, जिसमें कुछ लोगों के हाथों में हथियार दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर एसडीपीओ गोपाल कृष्णा तथा डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सीएसपी में तोड़फोड़ को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायत में एक व्यक्ति को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।



