Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
श्री दयाल नाथ स्वामी महादेव मंदिर के सदस्य बलदाउ सिंह पटेल ने बताया कि अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी से गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने बताया कि मंदिर से जुड़ी एक पुरानी धार्मिक परंपरा के तहत भादो महीने की पहली सोमवारी को भी यहां विशेष जलाभिषेक का आयोजन होता है। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर परिसर में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी दिन शाम को मां काली की वार्षिक पूजा भी मंदिर परिसर में ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से संपन्न होगी।
इधर, चैनपुर बाजार स्थित हरसू ब्रह्म मंदिर में भी अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया और दोपहर तक परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध, शहद, दही, फल, फूल समेत विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। अंतिम सोमवारी के मौके पर मंदिर में विशेष पूजा के साथ दोपहर बाद रुद्राभिषेक भी कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भी भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलकामना की। सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे चैनपुर क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उत्साह बना रहा। शिवालयों में उमड़ी भीड़ और गूंजते जयकारों ने माहौल को पूरी तरह शिवमय कर दिया।
