Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस के अनुसार, चैनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक युवक बाइक पर शराब की खेप लेकर मेढ़-लखमणपुर मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उक्त मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बाइक पर रखे लाल रंग के प्लास्टिक बोरे से चार कार्टून बरामद किए गए। प्रत्येक कार्टून में 45-45 पीस देसी मसालेदार शराब के टेट्रा पैक थे। इस तरह कुल 180 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान कुंदन कुमार, पिता पन्नालाल सिंह, निवासी रघुबीरगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने उत्तर प्रदेश से शराब लाकर क्षेत्र में बिक्री करने की बात पुलिस के समक्ष स्वीकार की। पूछताछ के दौरान शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े दो अन्य युवकों के नाम भी सामने आए हैं। गिरफ्तार तस्कर ने पुलिस को बताया कि पंकज कुमार और बबलू यादव शराब की खेप पार कराने के लिए लाइनर का काम करते हैं और उन्हें प्रत्येक खेप के बदले 500 रुपये दिए जाते हैं। मामले की जानकारी देते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने 180 पीस देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। शराब परिवहन में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है। मामले में सामने आए दोनों लाइनरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की मेडिकल जांच कराने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।