Home दुर्गावती सर्पदंश से महिला की मौत, अस्पताल से रेफर होने के बाद झाड़फूंक...

सर्पदंश से महिला की मौत, अस्पताल से रेफर होने के बाद झाड़फूंक में उलझे परिजन

कैमूर में सर्पदंश से महिला की मौत, अस्पताल से रेफर होने के बाद झाड़फूंक में गई जान

Bihar: कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र से सर्पदंश से एक महिला की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को सांप काटने के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया था, लेकिन परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक कराने पहुंच गए। इलाज में हुई देरी के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान दुर्गावती नई बस्ती निवासी कलावती देवी (49 वर्ष), पति श्री राम आधार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी देते परिजन
जानकारी देते परिजन

परिजनों के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे कलावती देवी घर से बाहर शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान उन्हें जहरीले सांप ने काट लिया। घर लौटने पर उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया। मृतका के पति श्री राम आधार ने बताया कि अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए कहा कि उनकी पल्स काफी कमजोर है और बेहतर इलाज के लिए तत्काल हायर सेंटर ले जाना जरूरी है।

परिजनों ने महिला को हायर सेंटर ले जाने के बजाय अमवा स्थित सत्ती मां के स्थान पर झाड़फूंक कराने का निर्णय लिया। इसी दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मामले की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पति श्री राम आधार ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से आपदा राहत मद के तहत आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

 

Exit mobile version