Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धरना को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव विजय यादव ने कहा कि चैनपुर प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक माहौल पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अभिभावकों, छात्रों और शिक्षकों से बातचीत कर विद्यालयों की वास्तविक स्थिति समझने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रखंड के 17 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों का जायजा लेकर समस्याओं की जानकारी जुटाई गई है। उन्होंने मांग की कि सभी विद्यालयों की स्वतंत्र और व्यापक जांच कराई जाए। विद्यालयों में जर्जर भवनों की स्थिति सुधारने के साथ बिजली, पंखे, स्वच्छ पेयजल, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय, नियमित साफ-सफाई, खेल मैदान और चारदीवारी की व्यवस्था सुनिश्चित हो। इसके अलावा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुसार विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति करने तथा विद्यालय प्रबंधन समितियों के कामकाज में पारदर्शिता लाने की मांग की गई।
विद्यालयों की शिफ्टिंग से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
धरना में मोरध्वज सिंह ने विद्यालयों को दूसरे भवनों में शिफ्ट कर संचालित किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे एक ही परिसर में संचालित होने वाले दोनों विद्यालयों का पठन-पाठन प्रभावित होता है। खारिगावा उच्च विद्यालय का भवन वर्षों से अधूरा पड़ा है। ठेकेदार निर्माण कार्य बीच में छोड़कर चला गया, जिसके कारण बच्चों को मध्य विद्यालय में पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय जगरिया का मामला उठाते हुए बताया कि पहले इसे न्यू प्राथमिक विद्यालय शेरपुर और बाद में संस्कृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय चैनपुर में शिफ्ट कर दिया गया। लंबे समय से दूसरे स्थान पर विद्यालय संचालित होने के कारण बच्चों को अपने मूल पोषक क्षेत्र से दूर जाकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने विभाग से विद्यालय को उसके मूल स्थान पर शुरू कराने के लिए स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर छात्राओं ने उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान जगरिया पंचायत के बिड्डी गांव स्थित विद्यालय में खेल मैदान उपलब्ध कराने और विद्यालय की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों से ही भोजन बनवाने की व्यवस्था होनी चाहिए। इस दौरान छात्राओं ने भी एनजीओ के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर असंतोष जताया। भाकपा माले के जिला सचिव विजय यादव ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा विभाग ने इन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से पहल नहीं की तो अभिभावकों को साथ लेकर जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में सिंगासन राम, उपेंद्र राम, कलावती देवी, कुंती देवी, रिया कुमारी सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं, अभिभावक और अन्य लोग शामिल रहे।



