Homeनालंदाशिक्षक की नौकरी की खुशी में रजरप्पा जा रहा था परिवार, रामगढ़...

शिक्षक की नौकरी की खुशी में रजरप्पा जा रहा था परिवार, रामगढ़ हादसे में 13 की मौत; जंघारो गांव में पसरा मातम

रामगढ़ सड़क हादसा: नालंदा के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, गांव में मातम

Bihar: झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने बिहार के नालंदा जिले के एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। जिस परिवार में सरकारी नौकरी मिलने की खुशी मनाई जा रही थी, उसी खुशी को कुछ ही घंटों में मातम ने घेर लिया। नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत जंघारो गांव से रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने निकले एक ही परिवार के 13 सदस्यों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी विद्यालय के संचालक विवेकानन्द प्रसाद की पत्नी अमृता देवी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिली थी। इसी खुशी में परिवार के सभी सदस्य रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने और मां का आशीर्वाद लेने के लिए निकले थे। परिवार में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल था। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों का यह सफर इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना के बाद स्थानीय लोगों की जुटी घर के बाहर भीड़
घटना के बाद स्थानीय लोगों की जुटी घर के बाहर भीड़

दो स्कॉर्पियो से निकला था परिवार, पीछे चल रही गाड़ी हुई दुर्घटनाग्रस्त

बताया जाता है कि जंघारो गांव से परिवार के सदस्य दो स्कॉर्पियो वाहनों से शनिवार की देर रात रजरप्पा धाम के लिए रवाना हुए थे। एक स्कॉर्पियो आगे चल रही थी, जबकि दूसरी उसके पीछे थी। इसी दौरान पीछे चल रही स्कॉर्पियो रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर पैंकी गांव के समीप रात करीब एक बजे आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस भीषण दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक ही परिवार के कई सदस्यों की एक साथ मौत हो गई।

विद्यालय संचालक, पत्नी और तीन बच्चों की भी गई जान

मृतकों में जंघारो गांव निवासी निजी विद्यालय संचालक 40 वर्षीय विवेकानन्द प्रसाद, उनकी 38 वर्षीय पत्नी अमृता देवी, 14 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार, 11 वर्षीय पुत्र अमन कुमार और 18 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी शामिल हैं। इसके अलावा विवेकानन्द प्रसाद के चचेरे-ममेरे परिवार के सदस्य भी इस हादसे का शिकार हुए हैं। मृतकों में 22 वर्षीय राजेश कुमार और सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र चंदन कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल बताए गए हैं।इस हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत ने घटना को और भी हृदयविदारक बना दिया है। जिस घर में बच्चों की हंसी और चहल-पहल थी, वहां अब अपनों को खोने का असहनीय दर्द है।

मौके पर पहुंचे रामगढ़ के डीसी और एसपी

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन समेत कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रामगढ़ के कैथा स्थित प्राइम अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

नौकरी की खुशी मातम में बदली, जंघारो गांव में शोक की लहर

हादसे की खबर जैसे ही नालंदा जिले के जंघारो गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। परिवार के लोगों और ग्रामीणों के लिए यह खबर किसी वज्रपात से कम नहीं थी। जिस घर में बहू को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में धार्मिक यात्रा की तैयारी हुई थी, उसी परिवार के 13 सदस्यों की मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। ग्रामीणों के बीच इस बात की चर्चा है कि परिवार मां छिन्नमस्तिका के दरबार में खुशियां साझा करने और धन्यवाद देने जा रहा था। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया। एक साथ इतने लोगों की मौत से न केवल जंघारो गांव बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी शोक का माहौल है। यह हादसा एक परिवार की खुशियों, उम्मीदों और भविष्य को एक झटके में खत्म कर गया। सरकारी नौकरी मिलने की जिस खुशी को पूरा परिवार मिलकर मनाना चाहता था, उसी खुशी की यात्रा परिवार के लिए जिंदगी का आखिरी सफर बन गई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments