Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मृतक की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के नसेज गांव निवासी मदन कुमार सिंह के 30 वर्षीय पुत्र निलेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि निलेश इंदौर में रेलवे विभाग में कार्यरत थे और बीते 8 मई को उनकी शादी हुई थी। शादी की खुशियां अभी घर से खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
परिजनों के अनुसार निलेश अपने भाई संदीप कुमार सिंह के साथ बाइक से रामगढ़ में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटने के दौरान संदीप बाइक चला रहे थे और निलेश पीछे बैठे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर हरनाथपुर निवासी सुखारी राम के पुत्र सुमन कुमार अपनी बहन शांति कुमारी के साथ बाजार से शादी का सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। मंगलवार को शांति की हल्दी की रस्म होनी थी।
दसौंती गांव के समीप दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल निलेश कुमार को अनुमंडल अस्पताल मोहनियां लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों के लोग अस्पताल पहुंच गए। निलेश की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। इस मामले में मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



