Home मोहनिया रात के अंधेरे में टाटा मैजिक को किया आग के हवाले, वाहन...

रात के अंधेरे में टाटा मैजिक को किया आग के हवाले, वाहन राख; अज्ञात पर केस दर्ज

कैमूर: बरहुली में खड़ी टाटा मैजिक में लगी आग, वाहन जलकर राख, अज्ञात पर केस दर्ज

Bihar: कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के बरहुली गांव के समीप शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़ी एक टाटा मैजिक में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वह पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद वाहन स्वामी ने अज्ञात व्यक्ति पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बरहुली गांव निवासी वाहन मालिक मनोज सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने शुक्रवार रात अपना टाटा मैजिक (बीआर 45 पी 3046) सड़क किनारे खड़ा किया था। देर रात उन्हें सूचना मिली कि उनके वाहन में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरा वाहन जलकर नष्ट हो चुका था। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शरारती तत्वों ने वाहन में आग लगाने के बाद उसे धक्का देकर पास स्थित ट्रांसफार्मर के समीप पहुंचा दिया। आग की चपेट में आने से ट्रांसफार्मर का तार और बिजली मीटर भी क्षतिग्रस्त हो गया।

वाहन मालिक का कहना है कि इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आग लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करते हुए उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि वाहन में आग लगने की शिकायत प्राप्त हुई है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Exit mobile version