Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात स्टूवरगंज में ताजिया जुलूस के दौरान अचानक तेज धमाके के साथ पटाखा फट गया था। इस घटना में स्थानीय निवासी मोहन सेठ के पुत्र कुंदन सेठ तथा मोहसिन राइन की पुत्री मुस्कान खातून घायल हो गए थे। दोनों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के अगले दिन कुंदन सेठ के पिता मोहन सेठ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मोहनियां थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर शनिवार देर रात पुलिस ने अनमोल कुरैशी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने उसके पास से पटाखा विस्फोट में प्रयुक्त स्टील का पाइप भी बरामद किया है। रविवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच जारी है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



