Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भाला चलाने के विरोध पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे दुलहरा गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए मूर्ति को घुमाया जा रहा था। इसी दौरान गांव का रहने वाला विपिन कुमार, पिता उमा सिंह, भाला लेकर लाठी खेलने लगा। वहां मौजूद लोगों ने घातक हथियार लेकर करतब दिखाने का विरोध किया और ऐसा नहीं करने की हिदायत दी। आरोप है कि इस बात पर विपिन कुमार विवाद करने लगा। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे समझाकर वहां से हटा दिया।
दो साथियों के साथ पहुंचकर फायरिंग करने का आरोप
इस मामले में अशोक कुमार, पिता भीम सिंह, निवासी दुलहरा द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, कुछ देर बाद विपिन कुमार अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और फायरिंग करने लगा। जब उसे पता चला कि अशोक कुमार अपने घर चले गए हैं, तो वह उनके घर पहुंचा और जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगा। आवेदन में बताया गया है कि दरवाजा पीटने की आवाज सुनकर अशोक कुमार ने खिड़की से बाहर देखा। उस समय विपिन कुमार अपने दोनों साथियों के साथ हाथ में पिस्टल लिए खड़ा था। आरोप है कि अशोक कुमार के खिड़की के पास पहुंचते ही उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई गई। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए, जबकि गोली लगने से खिड़की का शीशा टूट गया।
बाइक छोड़कर फरार हुए आरोपी, पुलिस ने एक को पकड़ा
घटना के बाद गांव के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके पर अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद के बाद फायरिंग और उत्पात मचाने के मामले में आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने नामजद आरोपी विपिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना में फायरिंग की बात सामने आई है और गोली चलाने में इस्तेमाल किए गए पिस्टल की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है।



