Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिट्टी लादकर एक ट्रैक्टर खरौड़ा की ओर से नौघरा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान नौघरा-खरौड़ा मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित संकरी पईन में पलट गया। बताया जाता है कि हादसे के समय दोनों किशोर ट्रैक्टर के बोनट पर बैठे हुए थे। ट्रैक्टर पलटते ही दोनों किशोर उसके नीचे दब गए। इसी बीच वाहन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में पूरे ट्रैक्टर को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर के नीचे दबने और आग की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
संकरी पईन में फंसा रहा ट्रैक्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना स्थल काफी संकरा होने के कारण ट्रैक्टर पईन में उलटकर फंस गया था। वाहन के चारों पहिए ऊपर की ओर हो गए थे और आग लगातार फैल रही थी। स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन आग और ट्रैक्टर के फंसे होने के कारण दोनों किशोरों को नहीं निकाला जा सका।
दमकल और जेसीबी की मदद से चला राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल वाहन बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से पलटे ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। पुलिस ने भेजा शव पोस्टमार्टम के लिए थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि ट्रैक्टर दुर्घटना में दो किशोरों की मौत हुई है। आग बुझाने और ट्रैक्टर को हटाने के बाद शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है, वहीं इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



