Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद मृतका के पिता रामदुलार राम, निवासी भदौही (थाना दुर्गावती), ने चैनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में बताया गया है कि वर्ष 2020 में उनकी पुत्री अतवारी कुमारी का विवाह गांगोडीह निवासी दिहल राम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के दौरान नगद राशि, मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठी सहित अन्य उपहार दिए गए थे। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और ससुर द्वारा भैंस की मांग को लेकर अतवारी कुमारी पर दबाव बनाया जाने लगा तथा उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
मृतका के पिता का आरोप है कि 25 जून की रात भैंस की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने अतवारी कुमारी के साथ मारपीट की और पति ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। अगले दिन सुबह परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी गई। जब वे गांगोडीह पहुंचे तो विवाहिता का शव घर में पड़ा मिला। मामले में जानकारी देते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी पति दिहल राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



