Homeचैनपुरमनरेगा से लेकर राशन वितरण तक उठे सवाल, चैनपुर की बीस सूत्री...

मनरेगा से लेकर राशन वितरण तक उठे सवाल, चैनपुर की बीस सूत्री बैठक में अधिकारियों से मांगा गया जवाब

चैनपुर बीस सूत्री बैठक में मनरेगा, राशन और दाखिल-खारिज में गड़बड़ी का मुद्दा उठा

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को आयोजित बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति की बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कई गंभीर सवाल उठे। मनरेगा में कथित अनियमितता, अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज के नाम पर अवैध वसूली, राशन वितरण में कटौती और कृषि योजनाओं की बदहाली को लेकर सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। बैठक में कई मुद्दों पर अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सदस्यों ने नाराजगी भी जताई। बैठक में पूर्व प्रमुख राजीव रंजन सिंह और बीस सूत्री सदस्य भानु प्रताप सिंह ने मनरेगा योजनाओं में कथित गड़बड़ी का मामला प्रमुखता से उठाया। पूर्व उप प्रमुख ने प्रत्येक वर्ष मनरेगा के तहत कराए जाने वाले पौधरोपण की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पौधों की देखरेख के लिए कर्मियों की नियुक्ति होती है और जियो टैगिंग के आधार पर भुगतान भी किया जाता है, लेकिन धरातल पर पौधों का अस्तित्व ही नजर नहीं आता। हर साल पौधरोपण और रखरखाव के नाम पर सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद इसकी प्रभावी जांच नहीं होती। इस मामले में मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी से स्पष्ट जवाब मांगा गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं बताया गया। वहीं, भानु प्रताप सिंह ने जगरिया पंचायत के कारवंदिया गांव में मनरेगा के तहत एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कराए गए तालाब निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

दाखिल-खारिज और राशन वितरण में गड़बड़ी पर भी घिरे विभाग

बैठक में अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। सदस्यों ने आरोप लगाया कि जमीन की खरीद-बिक्री के बाद ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद दाखिल-खारिज की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होती। इसके कारण आम लोगों को कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। पूर्व प्रमुख ने दाखिल-खारिज के नाम पर कथित अवैध वसूली और लोगों के आर्थिक शोषण का आरोप लगाया। जनवितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में भी निर्धारित मात्रा से कम अनाज दिए जाने की शिकायत उठाई गई। सदस्यों ने कहा कि कई पीडीएस दुकानदार उपभोक्ताओं को पूरा राशन नहीं देते। इस मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से जवाब मांगा गया, लेकिन उनका पक्ष भी संतोषजनक नहीं बताया गया। इसके साथ ही कृषि विभाग की योजनाओं का समुचित प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाने का मुद्दा भी चर्चा में रहा।

सोन नहर के क्षतिग्रस्त तटबंध से किसानों की बढ़ी परेशानी

बैठक में सोन नहर के निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुए तटबंधों का मामला भी उठाया गया। सदस्यों ने बताया कि तटबंध क्षतिग्रस्त होने के कारण आसपास के खेतों में पानी जमा हो रहा है। जलजमाव से धान की कटाई में परेशानी हो रही है, वहीं आगामी गेहूं की बुवाई भी प्रभावित होने की आशंका है। सदस्यों ने संबंधित विभाग से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

पार्किंग निर्माण के खर्च और बीस सूत्री कार्यालय की बदहाली पर नाराजगी

बीस सूत्री अध्यक्ष राजेश सिंह ने प्रखंड परिसर में निर्मित पार्किंग स्थल पर खर्च की गई राशि और निर्माण के लिए निर्धारित मद की जानकारी बीडीओ से मांगी। उन्होंने सभा कक्ष के बगल में बीस सूत्री समिति के लिए आवंटित कार्यालय की जर्जर स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि समिति के लिए आवंटित कार्यालय का उपयोग अन्य कार्यों में किया जा रहा है, जबकि उसकी स्थिति भी ठीक नहीं है। बैठक के दौरान अंचलाधिकारी, बैंक, पुलिस, सिंचाई और बिजली विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी सदस्यों ने आपत्ति जताई। सदस्यों ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों के नहीं पहुंचने से आम लोगों की समस्याओं पर प्रभावी चर्चा नहीं हो पाती और कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान लंबित रह जाता है। बैठक के अंत में बीडीओ ने बताया कि जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई है। संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया गया है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments