Home चैनपुर बैंक से निकाले 25 हजार रुपये, बाजार पहुंचते ही बाइक की डिग्गी...

बैंक से निकाले 25 हजार रुपये, बाजार पहुंचते ही बाइक की डिग्गी से उड़ाए, युवक फरार

कैमूर में बाइक की डिग्गी से 25 हजार रुपये चोरी, बैंक से निकालकर बाजार पहुंचे थे पीड़ित

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा नगर में बैंक से रुपये निकालकर बाजार में खरीदारी करने पहुंचे एक व्यक्ति को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनकी बाइक की डिग्गी से 25 हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़ित के मुताबिक, वह बाइक खड़ी कर फल खरीदने में व्यस्त थे और इसी दौरान एक युवक ने मौका पाकर बाइक की डिग्गी खोली और उसमें रखी पूरी रकम लेकर फरार हो गया। घटना के बाद हाटा बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पीड़ित ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ काफी खोजबीन की, लेकिन संदिग्ध युवक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने चैनपुर थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत पुलिस से की।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बैंक से रुपये निकालने के बाद बाजार पहुंचे थे
पीड़ित की पहचान चांद थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी स्वर्गीय जटाई पांडेय के पुत्र भानु पांडेय के रूप में हुई है। पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि दोपहर के समय वह हाटा स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 25 हजार रुपये निकालकर अपनी बाइक की डिग्गी में रख दिए थे। बैंक से रुपये निकालने के बाद वह हाटा बाजार पहुंचे और बाइक को सड़क किनारे खड़ा कर ठेले पर फल खरीदने लगे। इसी दौरान एक युवक उनकी बाइक के पास पहुंचा और मौका देखकर डिग्गी खोल दी। युवक ने डिग्गी में रखे 25 हजार रुपये निकाले और वहां से फरार हो गया।

आसपास तलाश के बाद थाने पहुंचे पीड़ित
कुछ देर बाद जब भानु पांडेय को रुपये चोरी होने की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल आसपास युवक की तलाश शुरू की। बाजार में लोगों से पूछताछ करने के बावजूद आरोपी का पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित ने चैनपुर थाना पहुंचकर पुलिस को आवेदन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल युवक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है।

 

Exit mobile version