Home चैनपुर तीन दिन से गांव में बिजली गुल, गुस्साए ग्रामीणों ने NH-219 किया...

तीन दिन से गांव में बिजली गुल, गुस्साए ग्रामीणों ने NH-219 किया जाम

लोदीपुर में बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, NH-219 किया जाम

Bihar: कैमूर,  चैनपुर प्रखंड के लोदीपुर गांव में लगातार तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप रहने से नाराज ग्रामीणों का शनिवार को आक्रोश सड़क पर उतर आया। ग्रामीणों ने लोदीपुर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-219 को जाम कर दिया। सड़क जाम होते ही एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि लोदीपुर गांव में करीब 1600 मतदाता हैं, लेकिन पूरे गांव की विद्युत जरूरत के लिए महज एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर में बार-बार तकनीकी खराबी आती रहती है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार खराबी आने पर विभागीय व्यवस्था का इंतजार करने के बजाय आपसी चंदे से ट्रांसफार्मर में तेल डलवाने सहित अन्य काम कराने पड़ते हैं।  ग्रामीणों ने बताया कि बिजली की यह समस्या पिछले करीब तीन वर्षों से बनी हुई है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर करीब 16 दिन पहले ग्रामीण चैनपुर विधायक सह बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान से मिले थे। ग्रामीणों के मुताबिक मंत्री ने एसडीओ और कार्यपालक अभियंता को आवेदन देने तथा आठ दिनों के भीतर ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
NS News

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रक्षाबंधन के दिन बढ़ा ग्रामीणों का आक्रोश

ग्रामीणों के मुताबिक पिछले तीन दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण गांव में पेयजल से लेकर दैनिक जरूरतों तक की समस्या खड़ी हो गई। रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दिन भी बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के अभाव में पानी की व्यवस्था, स्नान और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हुए। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का निर्णय लिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मान-मनौवल के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

विभाग ने शुरू कराया मरम्मत कार्य
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने एनएच-219 को जाम किया था। पुलिस ने विद्युत विभाग के संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत की, जिसके बाद क्षेत्र में काम करने वाले विद्युत कर्मी को मौके पर भेजकर आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू कराया गया। थानाध्यक्ष के अनुसार, विभाग के वरीय पदाधिकारियों से भी बात की गई है और जल्द ही खराब ट्रांसफार्मर को बदलने का आश्वासन मिला है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि वर्षों से चली आ रही विद्युत समस्या का स्थायी समाधान जल्द हो सकेगा।

 

 

Exit mobile version