Homeचैनपुरबुलेट की मांग ने बिगाड़ा वैवाहिक जीवन, विवाहिता से मारपीट के आरोप...

बुलेट की मांग ने बिगाड़ा वैवाहिक जीवन, विवाहिता से मारपीट के आरोप में केस दर्ज

कैमूर में दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर विवाहिता से मारपीट, FIR दर्ज

Bihar: कैमूर जिले के  चैनपुर थाना क्षेत्र के सिरबीट गांव में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। विवाहिता की शिकायत पर चैनपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिरबीट निवासी फरजाना खातून ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वर्ष 2022 में उनकी शादी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के महना गांव निवासी मोहम्मद नबीसरवर के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

विवाहिता के अनुसार, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसके पिता मोटरसाइकिल देने में असमर्थ थे। इसके बावजूद मांग को लेकर उसके साथ कथित तौर पर लगातार बदसलूकी और मारपीट की जाती रही। इस दौरान एक बेटे का जन्म हुआ, जिसकी उम्र करीब तीन वर्ष बताई गई है। महिला ने एक बच्ची को भी जन्म दिया, जिसकी बीमारी के बाद 1 सितंबर 2026 को मौत हो गई। आवेदन के मुताबिक, मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर विवाहिता को ससुराल से मायके भेज दिया गया और कथित तौर पर कहा गया कि बुलेट लेकर आने के बाद ही उसे वापस घर में रखा जाएगा। बाद में पिता द्वारा समझाने-बुझाने के बाद उसे दोबारा ससुराल भेजा गया, लेकिन वहां फिर से प्रताड़ना शुरू होने का आरोप है। कुछ समय बाद ससुर विवाहिता को उसके मायके पहुंचा गए।

बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद पति समेत तीन अज्ञात लोगों के शाम करीब पांच बजे विवाहिता के घर पहुंचने और वहां उसके तथा उसके पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर सभी मौके से भाग निकले। इस दौरान आरोपियों की एक हीरो स्प्लेंडर बाइक वहीं छूट गई। विवाहिता ने घटना के बाद चैनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments