Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ट्रेन पकड़ने निकले थे, रास्ते में रोककर बनाया बंधक
घटना आठ अगस्त की सुबह की बताई जा रही है। श्याम राइस मिल के संचालक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की एक परिचित के साथ बाइक से 40.50 लाख रुपये लेकर कोलकाता जाने के लिए जसीडीह रेलवे स्टेशन में वंदे भारत ट्रेन पकड़ने निकले थे। दर्दमारा बॉर्डर पार करने के बाद स्कार्पियो सवार पांच बदमाशों ने उनकी बाइक को रोक लिया। गिरोह के दो सदस्यों ने खुद को आयकर और जीएसटी विभाग का अधिकारी बताते हुए जांच के नाम पर संचालक को अपने कब्जे में ले लिया। उन्हें जबरन स्कार्पियो में बैठा लिया गया, जबकि उनके साथ मौजूद परिचित को वापस भेज दिया गया।
सुनसान जगह ले जाकर लूटे रुपये
इसके बाद बदमाश संचालक को जसीडीह थाना क्षेत्र के टाभाघाट गांव के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई और रुपयों से भरा बैग छीन लिया गया। वारदात के बाद बदमाश उन्हें जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चिहराढाड़ी जंगल में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और जंगल से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों तक पहुंचने में सफलता मिली और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों और बरामद स्कार्पियो को जसीडीह पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही लूटी गई रकम की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। जसीडीह थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने तीन आरोपितों की गिरफ्तारी और वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो बरामद किए जाने की पुष्टि की है।