Homeसारणप्रेम विवाह का पुराना विवाद बना खूनी दुश्मनी की वजह, घर में...

प्रेम विवाह का पुराना विवाद बना खूनी दुश्मनी की वजह, घर में घुसकर बड़े भाई की हत्या, पिता को भी मारी गोली

सारण में प्रेम विवाह के विवाद में बड़े भाई की हत्या, पिता को भी मारी गोली

Bihar: सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में पारिवारिक विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। छोटे बेटे के प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर चल रहा पुराना विवाद अब खौफनाक वारदात में बदल गया। चार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिसमें बड़े बेटे की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पिता भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। मृतक की पहचान नैनी गांव निवासी जितेंद्र कुमार सिंह के 30 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार सिंह के रूप में हुई है। वहीं, घायल पिता जितेंद्र कुमार सिंह को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

छपरा सदर अस्पताल में रोते बिलखते स्वजन
छपरा सदर अस्पताल में रोते बिलखते स्वजन

सुबह घर में चल रही थी साफ-सफाई, तभी घुसे हथियारबंद हमलावर

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर में साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान चार हथियारबंद लोग अचानक घर में दाखिल हो गए। हमलावरों ने आलोक कुमार सिंह को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। बेटे को बचाने और बीच-बचाव करने पहुंचे पिता जितेंद्र कुमार सिंह को भी गोली लग गई। अचानक हुई गोलीबारी से घर में चीख-पुकार मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में दोनों घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आलोक कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

ढाई साल पुराने प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर चल रहा था विवाद

घायल पिता के मुताबिक, उनके छोटे बेटे अभिषेक कुमार का गांव की ही एक लड़की से करीब ढाई वर्ष पहले प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। बाद में दोनों नोएडा चले गए, जहां साथ रहने लगे। बताया जाता है कि लड़की अभिषेक के साथ घर से चली गई थी और दोनों ने शादी कर ली थी। इसी प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

शादी समारोह में शामिल होने गुजरात से गांव आए थे पिता

परिवार के सदस्यों के अनुसार, जितेंद्र कुमार सिंह गुजरात में काम करते थे, जबकि छोटा बेटा अभिषेक कुमार नोएडा में रहता है। मृतक आलोक कुमार सिंह आगरा के एक होटल में नौकरी करता था। परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आए हुए थे। इसी दौरान घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर चल रहे पुराने विवाद को अहम वजह माना जा रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments