Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दिल्ली के बाद खगड़िया के तिहरे हत्याकांड में भी आया नाम
मिथिलेश का नाम बिहार के खगड़िया जिले में हुए एक अन्य सनसनीखेज हत्याकांड में भी सामने आया। गत एक जून को चौथम थाना क्षेत्र के करुआ मोड़ में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार और हथौड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस को मिथिलेश की तलाश थी। दोनों मामलों में आरोपित होने और गिरफ्तारी से बचने के कारण वह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।
दियारा में घेराबंदी के बाद हुई मुठभेड़
मिथिलेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में शनिवार की रात पुलिस, एसटीएफ और जिला सूचना इकाई की संयुक्त टीम को उसके चौथम थाना क्षेत्र के बसुलवा बहियार में होने की सूचना मिली। इसके बाद कोसी-बागमती दियारा इलाके में घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस और मिथिलेश के बीच मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दो अलग-अलग राज्यों में तिहरे हत्याकांडों से जुड़े इस कुख्यात की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर दोनों हत्याकांडों से जुड़े अन्य पहलुओं और उसकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है।



