Home खगड़िया नौ साल जेल में रहा, जमानत पर बाहर आते ही फिर हत्याकांड...

नौ साल जेल में रहा, जमानत पर बाहर आते ही फिर हत्याकांड में आया नाम; एक लाख का इनामी मिथिलेश मुठभेड़ में गिरफ्तार

खगड़िया में पुलिस मुठभेड़: दिल्ली-बिहार के तिहरे हत्याकांड का आरोपी मिथिलेश गिरफ्तार

Bihar: खगड़िया, दिल्ली से बिहार तक सनसनीखेज हत्याकांडों में नाम सामने आने के बाद पुलिस के लिए चुनौती बना एक लाख रुपये का इनामी कुख्यात मिथिलेश महतो आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। शनिवार की रात खगड़िया जिले में पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान मिथिलेश के पैर में गोली लगी है। पुलिस, एसटीएफ और जिला सूचना इकाई की संयुक्त टीम ने चौथम थाना क्षेत्र के कोसी-बागमती दियारा स्थित बसुलवा बहियार में घेराबंदी कर यह कार्रवाई की। खगड़िया के भदास निवासी मिथिलेश महतो पर दिल्ली और बिहार में हुए दो अलग-अलग तिहरे हत्याकांडों में संलिप्तता का आरोप है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2015 में दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में उसने अपने मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। करीब नौ साल जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आया था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

दिल्ली के बाद खगड़िया के तिहरे हत्याकांड में भी आया नाम

मिथिलेश का नाम बिहार के खगड़िया जिले में हुए एक अन्य सनसनीखेज हत्याकांड में भी सामने आया। गत एक जून को चौथम थाना क्षेत्र के करुआ मोड़ में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार और हथौड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस को मिथिलेश की तलाश थी। दोनों मामलों में आरोपित होने और गिरफ्तारी से बचने के कारण वह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

दियारा में घेराबंदी के बाद हुई मुठभेड़

मिथिलेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में शनिवार की रात पुलिस, एसटीएफ और जिला सूचना इकाई की संयुक्त टीम को उसके चौथम थाना क्षेत्र के बसुलवा बहियार में होने की सूचना मिली। इसके बाद कोसी-बागमती दियारा इलाके में घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस और मिथिलेश के बीच मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दो अलग-अलग राज्यों में तिहरे हत्याकांडों से जुड़े इस कुख्यात की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर दोनों हत्याकांडों से जुड़े अन्य पहलुओं और उसकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Exit mobile version