Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नेउरा गांव में पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने इलाज कराने के बाद थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेउरा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार (पिता- दशमी राम) ने आरोप लगाया है कि 19 जून की सुबह करीब 8 बजे वह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इसी दौरान गांव के संदीप कुमार वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। पीड़ित के अनुसार, कुछ ही देर बाद मनीष कुमार भी मौके पर पहुंच गया और हाथ में लाठी लेकर हमला कर दिया। आरोप है कि लाठी से किए गए प्रहार में उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन भी छीन ली गई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायल युवक चैनपुर थाना पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चैनपुर भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसने थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



