Home रोहतास दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी शोरूम से 10 लाख से अधिक की...

दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी शोरूम से 10 लाख से अधिक की लूट, व्यवसायियों में दहशत

बिक्रमगंज में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में 10 लाख की लूट, हथियारबंद 5 बदमाश फरार

Bihar: रोहतास जिले के बिक्रमगंज शहर में रविवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए तेंदुनी चौक के पास आरा रोड स्थित हीरा आभूषण भंडार से करीब 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई, जबकि आभूषण व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर दहशत का माहौल है। दुकान संचालक प्रमीत कुमार उर्फ गुड्डू ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे पांच की संख्या में अपराधी ग्राहक बनकर दुकान में घुसे। सभी के हाथों में हथियार थे। तीन अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दो ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था। सभी ने चश्मा और नकाब भी लगा रखा था ताकि उनकी पहचान न हो सके।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

दुकानदार के अनुसार, अपराधियों ने दुकान में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और गोदरेज की चाबी मांगी। जान से मारने की धमकी के कारण उन्होंने चाबी सौंप दी। इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेटी तथा हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।

दिनदहाड़े शहर के सबसे व्यस्त तेंदुनी चौक इलाके में हुई इस लूट के बाद आभूषण व्यवसायियों में भारी नाराजगी और भय का माहौल है। आभूषण व्यवसायी संघ के नगर अध्यक्ष सिंटू कुमार ने कहा कि क्षेत्र में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। वहीं आभूषण व्यवसायी एवं भाजपा नेता मदन प्रसाद वैश्य ने कहा कि वे पहले भी स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।

 

Exit mobile version