Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रयाग बिगहा निवासी नागेंद्र सिंह उर्फ नंद कुमार यादव के घर सोमवार को ताला तोड़कर करीब 4 लाख रुपये नकद और गहनों की चोरी की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
रिश्तेदार ही निकला आरोपी:
जांच के दौरान ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना के बाद घर के पास आरोपी का भतीजा नितिन कुमार देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने नितिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली।
छापेमारी में मिला हथियार और नकदी:
नितिन की निशानदेही पर पुलिस ने उसके किराए के घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान किचन के छज्जे से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें चोरी के गहने, 24 हजार रुपये नकद, एक देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस मिले।
भागते समय लूट का भी हुआ खुलासा:
पूछताछ में नितिन ने बताया कि चोरी के बाद वह ई-रिक्शा से डेहरी स्टेशन गया और एक लाख रुपये अपने बैंक खाते में जमा कर दिए। लौटते समय माथुरी पुल के पास ई-रिक्शा चालक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उससे करीब 3 लाख रुपये छीन लिए।
ई-रिक्शा चालक समेत तीन गिरफ्तार:
नितिन के बयान के आधार पर पुलिस ने ई-रिक्शा चालक राजू कुमार और उसके सहयोगी नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्रयुक्त ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया गया है। प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि त्वरित कार्रवाई के तहत पूरे मामले का सफल उद्भेदन किया गया है और सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।