Homeकुदराडेढ़ घंटे तक घर खंगालते रहे तीन नकाबपोश चोर, लाइसेंसी पिस्टल और...

डेढ़ घंटे तक घर खंगालते रहे तीन नकाबपोश चोर, लाइसेंसी पिस्टल और 54 कारतूस लेकर फरार

कैमूर में पेट्रोल पंप मालिक के घर चोरी, पिस्टल और 54 कारतूस लेकर फरार हुए नकाबपोश चोर

Bihar: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एनएच-19 किनारे सकरी गांव में स्थित पेट्रोल पंप मालिक के घर को तीन नकाबपोश चोरों ने निशाना बनाया। घर में घुसे चोर करीब डेढ़ घंटे तक बेखौफ होकर उत्पात मचाते रहे। इस दौरान उन्होंने कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर सामान खंगाला और लाइसेंसी पिस्टल, उसकी मैगजीन तथा 44 कारतूस लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, घर में रखी राइफल के 10 कारतूस भी चोर अपने साथ ले गए। इस तरह कुल 54 कारतूस और एक लाइसेंसी पिस्टल चोरी हुई है। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह उस समय हुई, जब परिसर में रहने वाला किराएदार घर की लाइट बुझाने पहुंचा। वहां मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे देखकर उसने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना से अवगत कराया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चोरों के द्वारा घर में तहस नहस किया गया सामान
चोरों के द्वारा घर में तहस नहस किया गया सामान

 

रात 2:05 बजे घर में दाखिल हुए चोर, 3:35 बजे तक रहे मौजूद

पेट्रोल पंप मालिक कमल कुमार सिंह उर्फ विनय सिंह ने बताया कि सकरी गांव में एनएच-19 के किनारे उनके परिवार का पेट्रोल पंप है और उसके समीप ही उनका मकान स्थित है। मंगलवार की शाम वह घर बंद कर वाराणसी स्थित अपने आवास चले गए थे। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने रात करीब 2:05 बजे मकान के साइड गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गए। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। तीनों ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था और उनकी उम्र करीब 18 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फुटेज के अनुसार, वे रात करीब 3:35 बजे तक मकान के अंदर रहे। इस दौरान उन्होंने घर के लगभग सभी कमरों को खंगाल डाला और अलमारियों के ताले तोड़कर सामान इधर-उधर बिखेर दिया।

 राइफल छोड़ गए, लेकिन उसके कारतूस भी ले गए

चोरों ने घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल, उसकी मैगजीन और 44 गोलियां चोरी कर लीं। वहीं, घर में मौजूद राइफल को हाथ नहीं लगाया, लेकिन उसके साथ रखे 10 कारतूस भी अपने साथ लेते गए। इसके अलावा पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले कुछ चांदी के सिक्के, चेकबुक के कुछ पन्ने और जरूरी कागजात भी चोरी कर लिए। मकान मालिक के अनुसार, घर में नकदी और जेवरात नहीं रखे थे, जिसके कारण चोरों को वहां से ये सामान नहीं मिला।

 फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया। इसके साथ ही मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों तथा आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। इस संबंध में कुदरा थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments