Homeचैनपुरट्रक खरीदने के लिए दिए 4 लाख रुपये, न गाड़ी मिली और...

ट्रक खरीदने के लिए दिए 4 लाख रुपये, न गाड़ी मिली और न रकम; प्राथमिकी दर्ज

कैमूर में ट्रक खरीद के नाम पर 4 लाख की ठगी, प्राथमिकी दर्ज

Bihar: कैमूर, ट्रक खरीदने का सौदा एक व्यक्ति के लिए कथित तौर पर ठगी का मामला बन गया। 18 चक्का ट्रक खरीदने के लिए चार लाख रुपये देने के बावजूद न तो ट्रक मिला और न ही रकम वापस हुई। पीड़ित ने इस संबंध में चैनपुर थाने में आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के बौरई गांव का है। यहां के निवासी श्रवण कुमार यादव, पिता फजियत यादव ने रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के शिसरित गांव निवासी उज्जवल मिश्रा, पिता जनार्दन मिश्रा पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

32 लाख रुपये में तय हुआ था ट्रक का सौदा

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, श्रवण कुमार यादव ने उज्जवल मिश्रा से 18 चक्का ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर BR02GD0229) खरीदने की बात तय की थी। ट्रक की कीमत 32 लाख रुपये निर्धारित हुई थी। आरोप है कि सौदे के तहत श्रवण कुमार यादव ने तीन लाख दस हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से और 90 हजार रुपये नकद दिए थे। शेष राशि बैंक से फाइनेंस कराकर भुगतान की जानी थी। इसके बाद ट्रक सौंपने की बात कही गई थी।

रकम लेने के बाद ट्रक देने से इनकार करने का आरोप

आवेदन में श्रवण कुमार यादव ने बताया कि शेष राशि के भुगतान और ट्रक की सुपुर्दगी को लेकर उन्होंने उज्जवल मिश्रा से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर उनकी कॉल का जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब वह उज्जवल मिश्रा के घर पहुंचे और ट्रक सौंपने की बात कही, तो आरोप के मुताबिक, उन्होंने ट्रक के संबंध में किसी तरह की बातचीत होने और रुपये लेने से इनकार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मरवाने की धमकी भी दी गई।

प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि ट्रक खरीदने के लिए दिए गए रुपये लेने से इनकार करने का आरोप लगाते हुए आवेदन प्राप्त हुआ था। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments