Home भभुआ जमीन बिक्री का पूरा पैसा नहीं मिलने से टूटा किसान, कर्ज के...

जमीन बिक्री का पूरा पैसा नहीं मिलने से टूटा किसान, कर्ज के दबाव में डिप्रेशन में आकर की आत्महत्या

जमीन का पैसा नहीं मिलने से डिप्रेशन में किसान ने की आत्महत्या | कैमूर भभुआ न्यूज़

कर्ज से परेशान व्यक्ति आत्महत्या

Bihar, कैमूर (भभुआ): कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन डिहरा गांव से एक बेहद मार्मिक और चिंताजनक मामला सामने आया है। जमीन बेचने के बावजूद खरीदार द्वारा पूरा भुगतान नहीं किए जाने, लगातार टालमटोल और दूसरी ओर समूह लोन के दबाव से परेशान होकर एक व्यक्ति ने डिप्रेशन में आकर आत्महत्या कर ली, मृतक ने फांसी लगाने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कर्ज से परेशान व्यक्ति आत्महत्या

मृतक की पहचान सोन डिहरा गांव निवासी स्वर्गीय जय नारायण पासवान के पुत्र उमा शंकर पासवान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

सुसाइड नोट में किया गया जमीन सौदे का जिक्र
मृतक के साले राम बहादुर पासवान ने सदर अस्पताल में बताया कि उमा शंकर पासवान ने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मृतक ने अपने बिस्तर पर एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें लिखा गया है कि उन्होंने वर्ष 2025 में 15 डिसमिल जमीन 45 हजार रुपये में तीन बार सोनहन थाना क्षेत्र के मिरिया गांव निवासी वीरेंद्र प्रसाद सिंह को बेची थी, जो वर्तमान में भभुआ कोर्ट में अधिवक्ता बताए जा रहे हैं।
सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख है कि जमीन बेचने के बावजूद खरीदार ने पूरा पैसा नहीं दिया और करीब 6 महीने से “आज-कल” कहकर टालता रहा, जिससे मृतक मानसिक रूप से बेहद परेशान था।

समूह लोन का भी था भारी दबाव
परिजनों ने बताया कि मृतक ने अपनी बहन के लिए जमीन खरीदने हेतु समूह लोन लिया था। एक तरफ खरीदार से जमीन का पैसा नहीं मिल रहा था, वहीं दूसरी ओर समूह लोन की किस्त चुकाने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इन परिस्थितियों के चलते उमा शंकर पासवान गहरे डिप्रेशन में चले गए।

परिजनों ने की न्याय की मांग
मृतक के साले राम बहादुर पासवान ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मृतक को न्याय मिल सके।

एसडीपीओ का बयान
इस मामले में भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि सोन डिहरा गांव में एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली है। परिजनों ने सुसाइड नोट लिखकर डिप्रेशन में आत्महत्या करने की बात बताई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार की स्थिति
बताया गया कि मृतक की चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और सभी अपने ससुराल में रहती हैं। मृतक का कोई बेटा नहीं था। वे खेती-बाड़ी कर किसी तरह गुजर-बसर करते थे, लेकिन खेत की उपज भी कई बार रिश्तेदार बिना पूछे ले जाते थे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ती चली गई और वे लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।

Exit mobile version