Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गहरे तालाबों पर रहेगी विशेष निगरानी, गोताखोरों की होगी तैनाती
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र के गहरे तालाबों और जलाशयों को चिह्नित किया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से ऐसे स्थानों पर गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। वहीं, अधिक गहराई वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह के खतरे का सामना नहीं करना पड़े। पुलिस निरीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि छठ घाटों पर छोटे बच्चों को ले जाते समय विशेष सतर्कता बरतें। घाटों पर बच्चों को अकेला नहीं छोड़ें, क्योंकि पानी के आसपास थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
चैनपुर और हाटा में नियंत्रित होगा वाहनों का आवागमन
थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि छठ पर्व के दौरान चैनपुर और हाटा बाजार में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण जाम की समस्या उत्पन्न न हो। मुख्य सड़कों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर भी पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन से लेकर पूजा-अर्चना तक किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा पूरा पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। बैठक में सज्जन खान, अनुपम पांडेय, अनिल सिंह पटेल, सैयद अशफाक बबलू, संजय पांडेय, पड्डू अंसारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



