Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जयरामपुर में शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जयरामपुर गांव निवासी मंगली बिंद का पुत्र पप्पू बिंद झोले में शराब लेकर गांव में उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही पप्पू हाथ में झोला और गैलन लेकर भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान गैलन से तीन लीटर देसी महुआ शराब बरामद हुई। इसके अलावा झोले में नौ प्लास्टिक की पन्नियों में आधा-आधा लीटर शराब पैक मिली। इन पैकेटों में कुल 4.50 लीटर शराब थी। इस तरह पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 7.50 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी का मेडिकल जांच कराया और इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
लोदीपुर से गैर जमानतीय वारंट का आरोपी गिरफ्तार
इधर, चैनपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानतीय वारंट के आधार पर मुन्ना बिंद को गिरफ्तार किया। वह सुराहु बिंद का पुत्र है और काफी समय से फरार चल रहा था। थानाध्यक्ष के अनुसार, न्यायालय द्वारा गैर जमानतीय वारंट जारी किए जाने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसके लोदीपुर गांव में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल जांच कराया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

