Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
वाहन जांच के दौरान 77 पीस अंग्रेजी शराब बरामद
पहली कार्रवाई चैनपुर थाना गेट के समीप हुई, जहां पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान अवंखरा की ओर से काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर दो युवक आते दिखाई दिए। बाइक पर सवार एक युवक ने पीठ पर बैग टांग रखा था, जबकि दूसरा बैग सीट के बीच रखा हुआ था। पुलिस को वाहन जांच करते देख बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक फरार हो गया, जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के महारों गांव निवासी जयलाल पन्ना, पिता वीरेंद्र प्रसाद, के रूप में हुई है। वहीं, फरार युवक की पहचान भभुआ निवासी विकास कुमार, पिता बेचू गोंड, के रूप में बताई गई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की 52 पीस बीयर, प्रत्येक 500 एमएल, दो ब्रांड की 21 पीस व्हिस्की, जिनमें 17 बोतलें 375 एमएल और चार बोतलें 750 एमएल की थीं, तथा 375 एमएल की चार बोतलें वोडका बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 36.875 लीटर है। थानाध्यक्ष विजय प्रसाद के मुताबिक, गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में उत्तर प्रदेश से शराब लाकर होम डिलीवरी के माध्यम से बेचने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हाटा के गवई मोहल्ले में छापेमारी, चार गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई नगर पंचायत हाटा के गवई मोहल्ले में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक जगह एकत्र होकर शराब पी रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर तीन लोगों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार लोगों की पहचान डीह भूजैना गांव निवासी मनई राम, पिता विजय बहादुर, सतौना गांव निवासी ताईद इद्रीसी, पिता मोहम्मद मुख्तार, तथा लोहदन गांव निवासी काशी राम, पिता महेंद्र राम, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के नशे में होने की आशंका पर जांच की गई। पूछताछ में तीनों ने उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर लाने और एक परिचित के घर बैठकर पीने की बात बताई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हाटा के गवई मोहल्ले निवासी ठाकुर चौहान, पिता बेचू चौहान, के घर की तलाशी ली। वहां से ब्लू लाइम ब्रांड की 14 पीस देसी शराब बरामद की गई। इसके बाद ठाकुर चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि चारों आरोपियों को चैनपुर थाना लाकर मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों के बाद शराब तस्करी और अवैध शराब के भंडारण के मामलों में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, अंग्रेजी शराब की खेप के साथ पकड़े गए आरोपी के फरार साथी की तलाश जारी है।



