Home भभुआ गांव में दंगल की मस्ती, दूसरी ओर ड्रग्स का कहर: इंजेक्शन लेने...

गांव में दंगल की मस्ती, दूसरी ओर ड्रग्स का कहर: इंजेक्शन लेने से दो युवकों की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

कैमूर में ड्रग्स इंजेक्शन से दो युवकों की मौत | दंगल के बीच नशे का कहर | Bihar News

Bihar, कैमूर (भभुआ): बिहार में नशे का खतरनाक खेल एक बार फिर दो जिंदगियां लील गया। कैमूर जिले के सोनहन थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुअन गांव में ड्रग्स के इंजेक्शन लेने से दो युवकों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बताया जाता है कि हनुमान जयंती के अवसर पर गांव में महाबीरी झंडा और दंगल कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। गांव में उत्सव का माहौल था, लोग खुशियां मना रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दो युवक शुभाष तिवारी और अनिल राम अपने ऑटो से गांव के बधार में एकांत स्थान पर जाकर ड्रग्स का सेवन कर रहे थे। दोनों युवक काफी देर तक इंजेक्शन के जरिए नशा करते रहे और समय का उन्हें कोई होश नहीं रहा।

नशे में इस कदर डूबे कि न रात का पता चला और न ही सुबह का। इधर, परिजनों को लगा कि गांव में कार्यक्रम चल रहा है, संभव है दोनों कहीं सो गए हों। लेकिन जब अगली सुबह गांव के लोग खेतों की ओर गए तो देखा कि दोनों युवक ऑटो में बैठे हुए हैं। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि दोनों की मौत हो चुकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सोनहन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से ड्रग्स और इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन बरामद किए।
मृतकों के परिजन मनोज तिवारी ने बताया कि दोनों युवक पिछले एक साल से ड्रग्स के आदी हो चुके थे। परिजनों द्वारा कई बार समझाने और मना करने के बावजूद वे नशा छोड़ने को तैयार नहीं थे। आखिरकार इसी लत ने दोनों की जान ले ली।

वहीं इस मामले को लेकर भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि ड्रग्स इंजेक्शन लेने से दो युवकों की मौत की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज के सामने नशे के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है, जहां जश्न के माहौल के बीच दो घरों में मातम पसर गया।

Exit mobile version