Home चैनपुर खेत से लौट रहे मजदूरों के जत्थे पर हमला, ईंट-पत्थर से एक...

खेत से लौट रहे मजदूरों के जत्थे पर हमला, ईंट-पत्थर से एक दर्जन से अधिक घायल; दो आरोपी गिरफ्तार

चैनपुर में रोपनी से लौट रहे लोगों पर हमला, एक दर्जन घायल; दो गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मेढ़ गांव में खेतों में रोपनी कर वापस लौट रहे लोगों के साथ रास्ते में मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को पहले चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

घटना के संबंध में रघुबीरगढ़ गांव निवासी राहुल राम ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे कुड्डी गांव से खेत में रोपनी का काम पूरा करने के बाद तीन दर्जन से अधिक लोग पिकअप वाहन पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मेढ़ गांव में तालाब के पश्चिम सड़क पर सोनू चौहान नामक व्यक्ति खड़ा था। आरोप है कि पिकअप चालक ने रास्ते से हटने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सोनू चौहान ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे कई लोगों ने गाली-गलौज करते हुए पिकअप में सवार लोगों पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया।

अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान मनोरमा कुमारी, भोला साह, बबलू चौहान, चिमनी चौहान, सत्येंद्र चौहान समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हमले के बाद सभी लोग किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाते हुए चैनपुर थाना पहुंचे, जहां पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मामले में प्राप्त आवेदन के आधार पर एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेढ़ गांव निवासी प्रमोद चौहान, पिता विलास चौहान और छोटेलाल चौहान, पिता रामायण चौहान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

 

Exit mobile version