Homeचैनपुरखेत की मेड़ से शुरू हुआ विवाद, टांगी से हमला; पिता समेत...

खेत की मेड़ से शुरू हुआ विवाद, टांगी से हमला; पिता समेत दो बेटे घायल, मुख्य आरोपी जेल भेजा गया

कैमूर: जमीन विवाद में टांगी से हमला, पिता और दो पुत्र घायल, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के झरिया गांव में भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत की घेराबंदी को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति और उसके दो पुत्रों के घायल होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, झरिया गांव निवासी लालजी पासवान ने चैनपुर थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके खेत की जमीन पर गांव के ही चंद्रिका यादव द्वारा घेराबंदी की जा रही थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया और जमीन घेरने से मना किया, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चंद्रिका यादव ने अपने हाथ में मौजूद टांगी से हमला कर दिया। बचाव के दौरान टांगी लालजी पासवान के हाथ में लग गई, जिससे उनका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया और वे जमीन पर गिर पड़े। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद चंद्रिका यादव के साथ उनकी पत्नी प्रमिला देवी और पुत्री प्रियंका कुमारी भी मौके पर पहुंच गईं और मारपीट करने लगीं। शोर-शराबा सुनकर बचाव के लिए पहुंचे लालजी पासवान के पुत्र रामराज और आदर्श कुमार को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।

घटना में घायल पिता और दोनों पुत्र इलाज के बाद चैनपुर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। प्राथमिकी दर्ज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार मामले में जानकारी देते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि घायल पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले के मुख्य आरोपी चंद्रिका यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments