Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
एक हादसे ने छीन ली पिता और बेटे की जिंदगी
दरअसल, बीते 17 अक्टूबर को कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भारी बारिश के बीच अचानक भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में कुल 19 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 25 लोग घायल हुए थे। मृतकों में मुजफ्फरपुर के भगवानपुर बीबीगंज स्थित सकेतपुरी निवासी अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उनका सात वर्षीय बेटा आयुष कुमार श्रीवास्तव भी शामिल थे। अभिषेक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम करते थे। हादसे में उनकी पत्नी निभा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। वहीं, परिवार के साथ मौजूद परिचित राजेश कुमार श्रीवास्तव भी घायल हुए थे। इस घटना के बाद से ही परिवार गहरे सदमे में है।
भाई ने कहा- आर्थिक मदद के साथ नौकरी भी दे सरकार
मुआवजा राशि मिलने के बाद मृतक के भाई अंकित कुमार श्रीवास्तव ने पश्चिम बंगाल सरकार से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस हादसे में उनके परिवार के दो चिराग बुझ गए हैं। पिता और पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे में आर्थिक सहायता के साथ परिवार के किसी एक सदस्य को रोजगार मिलना भी जरूरी है, ताकि भविष्य में परिवार की आजीविका चलाने में सहारा मिल सके।
मंत्री बोले- परिवार को हर संभव मदद देगी सरकार
पश्चिम बंगाल सरकार में संसदीय कार्य, शहरी विकास एवं नगर पालिका विभाग के मंत्री उमेश राय ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान हुई यह घटना बेहद दुखद थी। इस हादसे ने न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे देश को झकझोर दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वे पीड़ित परिवार से मिलने और सहायता राशि सौंपने मुजफ्फरपुर पहुंचे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में पश्चिम बंगाल सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। भविष्य में भी परिवार को जिस तरह की सहायता की आवश्यकता होगी, सरकार अपनी ओर से हर संभव मदद करने का प्रयास करेगी।
SIT कर रही हादसे की जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मंत्री उमेश राय ने बताया कि कोलकाता भगदड़ मामले की जांच विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मुजफ्फरपुर नगर के भाजपा विधायक रंजन कुमार सहित भाजपा के कई नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



