Homeचैनपुरकैमूर में खेत की जुताई को लेकर बवाल, मारपीट और फायरिंग के...

कैमूर में खेत की जुताई को लेकर बवाल, मारपीट और फायरिंग के आरोप; एक पक्ष की एफआईआर, दूसरे ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

कैमूर: खेत विवाद में मारपीट और फायरिंग के आरोप, दोनों पक्ष आमने-सामने

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के गांगूडीह सरैया गांव में खेत की जुताई के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग के आरोपों तक पहुंच गया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक पक्ष की शिकायत पर चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जबकि दूसरे पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पहले पक्ष की ओर से गांगूडीह सरैया निवासी स्वर्गीय बृजराज बिंद के पुत्र विनोद बिंद ने चैनपुर थाना में दिए आवेदन में बताया कि वह ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करा रहे थे। इसी दौरान गांव के कन्हैया बिंद, रामलाल बिंद, रामशीष बिंद तथा बौरई गांव निवासी नंदलाल सिंह, अखिलेश सिंह सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और ट्रैक्टर रुकवा दिया। विनोद बिंद का आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपित पक्ष की ओर से फायरिंग की गई और उनका ट्रैक्टर कब्जे में लेकर उसी से खेत की जुताई शुरू कर दी गई। घटना के बाद उन्होंने चैनपुर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इधर, बौरई गांव निवासी नंदलाल सिंह की पत्नी साइ प्रिया पटेल ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति अपने खेत की ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे, तभी विनोद बिंद, उनकी मां कस्तूरा कुंवर, राजेंद्र बिंद, अशोक बिंद सहित आधा दर्जन लोग लाठी-डंडा और हथियार लेकर पहुंचे तथा ट्रैक्टर रुकवा दिया।

महिला का आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज, मारपीट और फायरिंग की गई, जिससे उनके पति जान बचाकर मौके से भागने को मजबूर हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए चैनपुर थाना पहुंचने पर उनके पति की प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई, बल्कि उन्हें थाने में बैठा लिया गया। इस मामले में पुलिस निरीक्षक सह प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना को लेकर पहले ही एक प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है, जिसमें नंदलाल सिंह को आरोपी बनाया गया है। इसी मामले में उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments