Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस को दिए आवेदन में देउआ गांव निवासी पिंटू जायसवाल, पिता स्वर्गीय कमला साह ने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे वह अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के झेंगाट साह, विवेक जायसवाल, शिवा जायसवाल, कन्हैया लाल समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मामला अचानक हिंसक हो गया। आवेदन के अनुसार, जब उनके पुत्र अंकित जायसवाल ने गाली देने का विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में अंकित का सिर फट गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे चाचा राधेश्याम साह को भी आरोपितों ने नहीं बख्शा।
उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और बायां हाथ टूट गया। इसके बाद बीच-बचाव कर रहे पिंटू जायसवाल के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें भी अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद तीनों घायल किसी तरह चैनपुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए चैनपुर सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सभी को भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने एक आरोपी शिवा जायसवाल, पिता मेवा साह, निवासी देउआ को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



